एसबीआई एटीएम के पुराने सुरक्षा कर्मी डीसी से लगाए न्याय की गुहार
जमशेदपुर: एसबीआई एटीएम में लंबे समय से कार्यरत पुराने सुरक्षा कर्मियों ने नौकरी से हटाए जाने के विरोध में पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त को आवेदन देकर न्याय की मांग की है। सुरक्षा कर्मियों ने आरोप लगाए हैं कि नई सुरक्षा एजेंसी ने बिना किसी पूर्व सूचना के और बिना स्पष्ट कारण उनके कार्य से हटाया गया है। उन्होंने मनमानी और धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
JSRnews.com | Local | 29 May 2026
आवेदन में बताया गया है कि ये सुरक्षा गार्ड पिछले 10 से 15 वर्षों से विभिन्न एसबीआई एटीएम में सेवाएं दे रहे थे। पहले वे WWSO कंपनी के अंतर्गत कार्यरत थे, लेकिन 1 मई 2026 से सुरक्षा का जिम्मा नई एजेंसी CISS को दिया गया। इसके बाद से ही पुराने सुरक्षा कर्मियों को अचानक कार्य से हटाने की शुरुआत हुई।
बिना कारण हटाए जाने का विरोध और धमकियां
सुरक्षा कर्मियों ने कहा कि नई एजेंसी ने मनमाना व्यवहार किया और बिना पूर्व सूचना के उन्हें हटाया। जब उन्होंने नौकरी वापस मांगने की कोशिश की, तो एजेंसी के कुछ लोगों ने अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकियों से उन्हें डरा धमकाया। कुछ कर्मचारियों को घर से उठा लेने तक की धमकी दी गई, जिसके रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद हैं।
कोरोना काल में ईमानदारी से सेवा, अब परिवार पर संकट
इन सुरक्षा गार्डों ने कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। परंतु अचानक सेवा से निकाल दिए जाने के कारण उनके परिवार आर्थिक तंगी का शिकार हो गए हैं। वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में असमर्थ हो गए हैं और कई परिवारों के सामने भरण-पोषण का संकट उत्पन्न हो गया है।
सुरक्षा कर्मियों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि उन्हें पुनः कार्य पर रखा जाए और धमकी देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। आवेदन के साथ उन्होंने पुराने कर्मचारियों की सूची एवं आईडी कार्ड की प्रतियां भी प्रदान की हैं। प्रशासन की ओर से इस मामले में उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।


