झारखंड के तीन पहलवान एशियाई खेल चयन ट्रायल के लिए रवाना
झारखंड के तीन उभरते पहलवान रिया कुमारी, अमित गोप और अभिषेक कुमार एशियाई खेल 2026 के चयन ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए रांची से रवाना हो गए हैं। यह पहली बार है जब झारखंड के तीन खिलाड़ियों ने एक साथ वरिष्ठ स्तर के एशियाई खेल चयन ट्रायल में जगह बनाई है, जो राज्य के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है।
JSRnews.com | Sports | 28 May 2026
ट्रायल दिल्ली और लखनऊ में आयोजित किए जाएंगे, जहां खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाने का प्रयास करेंगे। रिया कुमारी महिला वर्ग के 53 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी, जबकि अमित गोप और अभिषेक कुमार ग्रीको रोमन शैली में 77 और 60 किलोग्राम वर्गों में चुनौती पेश करेंगे।
इनमें से रिया कुमारी और अभिषेक कुमार उत्कृष्टता केंद्र से जुड़े हैं, जबकि अमित गोप रांची का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनके इस चयन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे झारखंड के खेल प्रेमियों में एक उत्साह की लहर दौड़ गई है।
झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, खेल विभाग, झारखंड सरकार और विभिन्न खेल संस्थानों के सहयोग को इस सफलता का बड़ा कारण बताया।
ट्रायल के लिए रवाना होने से पहले खिलाड़ियों को खेल विभाग और कुश्ती संघ के अधिकारीयों ने शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, कुश्ती संघ के अध्यक्ष ज़िशान क़मर और अन्य प्रशिक्षक मौजूद रहे और उन्होंने खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
यह उपलब्धि झारखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत है और उम्मीद जताई जा रही है कि ये पहलवान एशियाई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
