गिरिडीह में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, पत्नी से विवाद के बाद घर छोड़ा था
गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के चकटांड़ गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। यह घटना गिरिडीह-कोडरमा रेलवे लाइन के पोल संख्या 98/14 के पास हुई, जहां युवक का शव गंभीर रूप से क्षत-विक्षत अवस्था में पाया गया। प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन से कटकर हुई मौत प्रतीत होती है।
JSRnews.com | Crime | 27 May 2026
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटना स्थल पर एकत्रित हो गए और शव की पहचान करने की कोशिश करने लगे। हालांकि शुरुआत में युवक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद तुरंत पचम्बा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयास से मृतक युवक की पहचान सुंदरटांड़ गांव निवासी इसराइल अंसारी के 32 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इरफान के रूप में हुई। यह जानकारी मिलने पर मृतक के परिवार वाले भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखकर भावुक हो गए।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात मोहम्मद इरफान का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के कारण वह तनाव में था और देर रात घर छोड़कर निकल गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना परिवार को दी गई।
परिवारवालों का मानना है कि घरेलू विवाद के कारण इरफान ने आत्महत्या की है, हालांकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मोहम्मद इरफान अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और उसकी शादी लगभग आठ साल पहले हुई थी। वह पत्नी, एक बेटे और तीन बेटियों को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में लगी हुई है।


